
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
27 जुलाई 2023
शहर में नगर निगम कई वार्डों में पांचवें दिन सप्लाई दे रहा है तो कहीं आठवें दिन भी लोग पेयजल से वंचित हैं। निगम दावा कर रहा है कि जितनी सप्लाई आ रही है उतनी लोगों में आवंटित की जा रही है। लेकिन मालरोड समेत कई वार्डों में पानी आठवें दिन भी नहीं आया है। ऐसे में निगम की करनी और कथनी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पानी को लेकर अधिकतर वार्डों में हाहाकार मचा हुआ है। पानी की आपूर्ति करने में नाकाम सोलन नगर निगम और जल शक्ति विभाग के खिलाफ लोगों में रोष है। हैरत की बात तो यह है कि जल संकट के बीच लोगों को नगर निगम टैंकरों के माध्यम से भी सप्लाई देने में नाकाम साबित हो गया है। बीते कई दिनों से पानी न आने के बाद भी लोगों को टैंकर से पानी देने की सुविधा नहीं दी जा रही है। इसके चलते लोग काफी परेशान हो गए हैं।
मूलभूत सुविधाओं के लिए स्वयं ही पानी के टैंकर लोग खरीद रहे हैं। जबकि पीने के लिए पानी बोतलें खरीद रहे हैं। बारिश के बाद शहर में पानी की सप्लाई ठप हो गई है। बताया जा रहा है कि शहर के मुख्य पेयजल टैंक में गादयुक्त पानी गिरि और अश्वनी पेयजल योजना से आया है। इसके चलते पानी का आवंटन रोक दिया गया है। जबकि जल शक्ति विभाग की ओर से भूमिगत टैंकों के माध्यम से पानी लिफ्ट किया जा रहा है।
उपमहापौर राजीव कौड़ा ने बताया कि टैंकों में पानी बहुत कम है। इसके चलते पेयजल किल्लत का सामना लोग कर रहे हैं। जितना पानी मिल रहा है लोगों में आवंटित किया जा रही है। बुधवार को भी कई जगह लोगों को पानी आवंटित किया गया है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





