करसोग : करसोग की काओ (कामाक्षा) पंचायत में वरिष्ठ नागरिकों को बताई सरकार की कल्याणकारी योजनाएं

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा ग्राम पंचायत काओ (कामाक्षा) में आज वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन तहसील कल्याण अधिकारी करसोग भोपाल शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों को प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था, ताकि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।

शिविर में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना सहित विभाग द्वारा चलाई जा रही अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही बुजुर्गों को बताया गया कि वे इन योजनाओं के लिए कैसे और कहां आवेदन कर सकते हैं।

तहसील कल्याण अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि करसोग में दिव्यांग, एकल नारी विधवा व सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अलग अलग श्रेणियों के लगभग 15 हजार से अधिक पेंशनर पंजीकृत है जो पेंशन का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन प्रदान करना है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के अन्य बुजुर्गों को भी इन योजनाओं की जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने विभाग की ओर से विभिन्न श्रेणियों में पेंशन लेने वाले लाभार्थियों से आग्रह किया कि वे 31 जनवरी 2026 तक अपनी ई-केवाईसी करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि लाभार्थी आंगनवाड़ी वर्कर के पास जाकर अपनी ई-केवाईसी सुगमता से करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए सभी बुजुर्ग अपने सीनियर सिटीजन कार्ड भी आवश्य बनाएं ।

शिविर में मौजूद लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों
के प्रति भी जागरूक किया गया। भोपाल शर्मा ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रहा है। यह न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि नशा एक ऐसी बुरी आदत है जो इंसान को धीरे-धीरे अंदर से खोखला कर देती है और उसे अपराध, बीमारी और सामाजिक पतन की ओर ले जाती है। इस दौरान ग्रामीणों को चिट्टा मुक्त हिमाचल (नशीले पदार्थों) से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई।

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित मातृशक्ति से आग्रह किया कि अपने बच्चों को नियमित आधार पर गाइड करें। बच्चों की दिनचर्या पर नजर रखें और उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बच्चों का उचित मार्गदर्शन करना प्रत्येक माता पिता का कर्तव्य है।

इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत काओ-कामाक्षा बुद्धि देवी,उप प्रधान युव राज, महिला मंडल समूह की महिला सदस्यों सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share the news