
करसोग,
उपमंडल करसोग में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने आज विभिन्न निजी स्कूलों की बसों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल बसों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहनता से जांच की और सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बसों में अनिवार्य रूप से लगाए गए अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन द्वार, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरे, बस की फिटनेस तथा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। एसडीएम ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी स्कूल प्रबंधन सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण उपरांत एसडीएम ने निजी स्कूल प्रिंसिपलों के साथ बैठक भी आयोजित की। बैठक में स्कूल बसों के संचालन, समयबद्ध रखरखाव, चालकों व परिचालकों के आचरण, बच्चों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने की व्यवस्था तथा अभिभावकों के साथ समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि बस चलाते समय चालकों द्वारा मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करना सुनिश्चित किया जाए।निर्धारित गति सीमा का पालन किया जाए तथा बच्चों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं जिम्मेदार व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
एसडीएम गौरव महाजन ने बताया कि स्कूल बस चालकों को सुरक्षा के प्रति और अधिक जागरूक करने के उद्देश्य से 24 जनवरी को एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा। इस कार्यशाला में यातायात नियमों, आपात स्थिति में बचाव के उपायों, प्राथमिक उपचार तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और इसके लिए नियमित निरीक्षण व जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।





