# कल से हिमाचल विधान सभा का बजट सत्र |

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

13 मार्च 2023

कल 14 मार्च से हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है जो 6 अप्रैल तक चलेगा। बजट सत्र से पहले आज विधानसभा में अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया द्वारा सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। सर्वदलीय बैठक में सत्र को सुचारू रूप से चलाने के लिए सतापक्ष और विपक्ष से आग्रह किया गया।

सुखविंदर सिंह सरकार का यह पहला बजट सत्र है लेकिन सत्र से पहले ही सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के बीच तलवारें खिंच गई है। पिछली सरकार द्वारा खोले संस्थानों को बंद करने को लेकर सत्ता पक्ष एवं विपक्ष आमने-सामने हैं, जिसकी गर्माहट सदन के अंदर भी देखने को मिलेगी।

सर्वदलीय बैठक को लेकर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि विपक्ष से सदन को शांतिपूर्ण तरीके से चलाने का आग्रह किया गया है। सदन में विपक्ष को बोलने का पूरा मौका दिया जाएगा और जो भी जनहित से जुड़े मुद्दे होंगे उनको लेकर चर्चा की जाएगी। अब देखते हैं कि सदन के अंदर विपक्ष का क्या रवैया रहता है। अभी तक कूल 1 हजार प्रश्न सत्र के लिए पहुंच चुके हैं।

संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी बैठक में मौजूद रहे। उन्होंने कहा की सदन को चलाने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है। विपक्ष जो भी सवाल पूछेगा सदन में उसका जबाब दिया जायेगा।

उधर, विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने विपक्ष की तरफ से अपने इरादे जाहिर करते हुए कहा कि सदन में सरकार से संस्थानों को बंद करने को लेकर जवाब मांगा जाएगा, साथ ही अन्य जनहित के मुद्दे उठाए जाएंगे। अब यह विधानसभा अध्यक्ष को तय करना है कि विपक्ष को मांग मुताबिक समय देना है या नहीं? सदन को चलाने में विपक्ष पुरा सहयोग देगा।

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news