
मंडी जिले के नेरचौक क्षेत्र के रति गांव की बेटी तरुणा कमल ने अपनी मेहनत और लगन से एक नई मिसाल कायम की है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली तरुणा आज भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी बनकर समाज की सेवा में जुटी हैं।
तरुणा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अपने ही गांव रति से प्राप्त की। जमा दो तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर से वेटरनरी साइंस में डॉक्टर की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने कड़ी मेहनत करते हुए वर्ष 2023 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने सपनों को साकार किया।
वर्ष 2024 में उन्होंने हैदराबाद में ट्रेनी के रूप में अपनी पहली नियुक्ति ग्रहण की। वर्तमान में तरुणा कमल नगरोटा बगवां पुलिस थाना में बतौर एसएचओ तीन महीने की ट्रेनिंग पर कार्यभार संभाल रही हैं।
एक साधारण किसान परिवार से आने वाली तरुणा के माता-पिता खेतीबाड़ी करते हैं। अपनी सफलता का श्रेय वह अपने परिवार के सहयोग और अपनी कड़ी मेहनत को देती हैं।
अपनी प्राथमिकताओं के बारे में तरुणा कमल का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और वाहन की नंबर प्लेट लगवाने की अपील की है। वहीं, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और रात के समय डिपर का सही इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया है कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न चलाने दें, अन्यथा इसकी जिम्मेदारी उनकी होगी।





