
कुनिहार — बीएल सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुनिहार के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि विद्यालय को सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट, नई दिल्ली द्वारा प्रतिष्ठित ग्रीन स्कूल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय को “वायु प्रदूषण और स्कूल” तथा “इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की भविष्य की भूमिका” विषयों पर आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय आवासीय कार्यशाला में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह कार्यशाला 23 से 25 मार्च 2026 तक अनिल अग्रवाल पर्यावरण ट्रेनिंग संस्थान, राजस्थान में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के शिक्षकों और विशेषज्ञों के साथ मिलकर स्कूलों में वायु गुणवत्ता सुधार के व्यावहारिक उपायों पर चर्चा की जाएगी।
सीएसई, नई दिल्ली के समन्वयक नीरज कुमार ने जानकारी दी कि विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य एवं भौतिकी प्रवक्ता पुरषोत्तम लाल इस कार्यशाला में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
वहीं, विज्ञान पर्यवेक्षक एवं उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा, सोलन कार्यालय के अमरीश ने इसे जिला सोलन के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा कि यह अवसर उप निदेशक विद्यालय शिक्षा (प्रारंभिक), सोलन के मार्गदर्शन एवं सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट, नई दिल्ली के सहयोग से संभव हुआ है।
विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पुरषोत्तम लाल, समस्त स्टाफ, ईको क्लब प्रभारी सुश्री दिनाक्षी ठाकुर तथा विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी।
यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।





