कुल्लू : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, कुल्लू इकाई द्वारा शहीदी दिवस के अवसर पर शहीदों को पुष्पांजलि

कुल्लू –
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, कुल्लू इकाई द्वारा शहीदी दिवस के अवसर पर महान क्रांतिकारियों भगत सिंह , शिवाराम राजगुरु एवं सुखदेव थापर को पुष्पांजलि अर्पित की गई*। इस अवसर पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं द्वारा उनके अद्वितीय साहस, त्याग और देशभक्ति को नमन किया गया। पुष्पांजलि का आयोजन कुल्लू महाविद्यालय में किया गया, जिसमें एबीवीपी के कार्यकर्ता एवं स्थानीय युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि इन महान वीरों ने अपने जीवन की परवाह किए बिना देश की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका बलिदान हमें यह सिखाता है कि राष्ट्र सर्वोपरि है और उसके लिए हर नागरिक का कर्तव्य बनता है कि वह अपने स्तर पर योगदान दे। वक्ताओं ने यह भी कहा कि आज की युवा पीढ़ी को शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उनके विचार हमें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया और लोगों से अपील की कि वे शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखें तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों के साथ वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
अंत में सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट सुशांत शर्मा….

Share the news