
कुल्लू। पुलिस थाना सैंज की टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला के कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को सैंज–लारजी सड़क पर पागल नाला के समीप नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक एचआरटीसी बस को जांच के लिए रोका।
चेकिंग के दौरान बस में सवार बकशाहल निवासी एक महिला के कब्जे से 2 किलो 35 ग्राम चरस और 56 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में पुलिस थाना सैंज में आरोपी के विरुद्ध धारा 18 और 20, मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब महिला से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लाई चेन और इससे जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आने वाले समय में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के भी सामने आने की संभावना है।





