
कुल्लू। अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार की अध्यक्षता में बहुउद्देश्यीय भवन कुल्लू में दिसंबर 2025 तिमाही के लिए जिला स्तरीय सलाहकार एवं समन्वय समीक्षा समिति (डीएलसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ कृषि, बागवानी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी अश्वनी कुमार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने के लिए बैंकों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले का ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) और वार्षिक ऋण योजना के प्रमुख संकेतक बैंकों की कार्यक्षमता दर्शाते हैं, इसलिए ऋण वितरण में तेजी और गुणवत्ता आधारित स्वीकृति पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में Punjab National Bank के मुख्य प्रबंधक अमित कुमार ने जानकारी दी कि 31 दिसंबर 2025 तक जिले में बैंकों की कुल जमा राशि ₹11,141.10 करोड़ और कुल ऋण ₹5,171.84 करोड़ रहा। इस प्रकार जिले का ऋण-जमा अनुपात 46.42 प्रतिशत दर्ज किया गया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (1 अप्रैल 2025 से 31 दिसंबर 2025) के दौरान जिले में कुल ₹2,622.80 करोड़ का ऋण वितरित किया गया, जो वार्षिक लक्ष्य ₹3,803.00 करोड़ का 68.97 प्रतिशत है।
क्षेत्रवार ऋण वितरण में कृषि क्षेत्र को ₹1,059.88 करोड़, उद्योग एवं व्यवसाय क्षेत्र को ₹757.30 करोड़, आवास ऋण (प्राथमिकता क्षेत्र) ₹40.09 करोड़, शिक्षा ऋण ₹2.57 करोड़, अन्य प्राथमिकता क्षेत्र ₹10.47 करोड़ तथा गैर-प्राथमिकता क्षेत्र को ₹752.48 करोड़ का ऋण प्रदान किया गया।
बैठक में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि जिले में बैंकों द्वारा Pradhan Mantri Jeevan Jyoti Bima Yojana के तहत 77,285, Pradhan Mantri Suraksha Bima Yojana के अंतर्गत 1,95,815 तथा Atal Pension Yojana के तहत 36,981 खाताधारकों का पंजीकरण किया गया है।
बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक शिमला से एलडीओ आशीष कुमार, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी, सभी बैंकों के जिला समन्वयक अधिकारी एवं संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कुल्लू ब्यूरो — सुशांत शर्मा





