
कुल्लू:
जिला कुल्लू में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उद्घोषित अपराधी सेल कुल्लू की टीम ने सोमवार को सैनिक चौक भुंतर के समीप कार पार्किंग से दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार अभियोग संख्या 74/21 दिनांक 6 अप्रैल 2021, धारा 452, 323, 504, 506 व 427 आईपीसी के तहत थाना भुंतर में दर्ज मामले में ये दोनों आरोपी वांछित चल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ शर्मा (33 वर्ष) पुत्र अशोक शर्मा और गौरव शर्मा (36 वर्ष) पुत्र अशोक शर्मा, निवासी गांव शूरड़, डाकघर खोखन, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक माननीय न्यायालय सीजेएम, एल एंड एस, कुल्लू ने 27 दिसंबर 2025 को दोनों आरोपियों को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। इसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को सैनिक चौक भुंतर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट: कुल्लू





