
जिला कुल्लू में महिला सशक्तिकरण और जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जेंडर सेंसिटाईजेशन कार्यशाला के उपलक्ष्य में महिला एवं बाल विकास व डाइट जरड़ कुल्लू द्वारा रैली उसके पश्चात एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उच्च शिक्षा उप निदेशक देश राज डोगरा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज महिलाओं की भागीदारी प्रत्येक क्षेत्र में पुरुषों के बराबर है और कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है जहां महिला कार्य करने में सक्षम नहीं। उन्होंने कहा कि बदलते परिदृश्य में महिलाओं की भुमिका हमारे समाज और भी महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने स्वस्थ समाज के लिए महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानपूर्ण माहौल बनाने की आवश्यकता पर बल दिया ।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) कुल्लू की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर छात्राओं को समाज में अपनी भूमिका और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
की-नोट स्पीकर डाइट प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य सुरेंद्र शर्मा ने महिलाओं की प्रत्येक क्षेत्र में सशक्त भागीदारी को इंगित करते हुए लिंग भेद को समाप्त करने पर बल दिया।
राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में प्रवक्ता समाज शास्त्र, डॉ शीतल ठाकुर ने लिंग संवेदीकरण आवश्यकता एवं चुनौतियां विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने समाज के विकास के लिए महिला-पुरुष की समानता तथा महिला की भूमिका से जुड़ी हुई रूढ़ियों के उन्मूलन की आवश्यकता पर बल दिया।
एएसआई विकास कुमार ने महिलाओं से जुड़े अपराधों तथा महिलाओं के अधिकारों पर जानकारी देते हुए डीप फेक और डार्क वेब के माध्यम से होने वाले साइबर अपराध पर अवगत कराया
जिला विधिक साक्षरता अभिकरण कुल्लू की ओर से हेमंत ठाकुर ने पोक्सो (POCSO) अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने के लिए बनाया गया है। छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में बिना डरे आवाज़ उठानी चाहिए। शिक्षा के साथ-साथ कानूनी साक्षरता आज के समय की अनिवार्य आवश्यकता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ उषा ठाकुर ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी समेकित बाल विकास परियोजनाएं कुंदन लाल सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
ब्यूरो कुल्लू से सुशांत शर्मा की रिपोर्ट….





