कुल्लू : संस्था राधा NGO की दो प्रतिभागी सुनीता शर्मा और ऊषा शर्मा ने मिसेज़ हिमाचल प्रतियोगिता के फाइनल में जगह

कुल्लू –
राधा NGO की अध्यक्षा सुदर्शना ठाकुर ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि पिछले 29 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था राधा NGO की दो प्रतिभागी सुनीता शर्मा और ऊषा शर्मा ने मिसेज़ हिमाचल प्रतियोगिता के फाइनल में अपनी जगह बनाई है, जो संस्था के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का प्रथम राउंड लगभग एक माह पूर्व उपमंडल बल्ह, मंडी के रीवाल्सर मेला के मंच पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था। अब प्रतियोगिता का दूसरा और अंतिम राउंड 27 मार्च को सुंदरनगर में आयोजित नलवार मेला के दौरान संपन्न होगा।
अध्यक्षा सुदर्शना ठाकुर ने कहा कि महिलाओं में स्वावलंबन और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजनों में भागीदारी सुनिश्चित करना राधा NGO की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि इससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिलता है, साथ ही उनमें परिवार के साथ-साथ स्वयं की देखभाल और व्यक्तित्व विकास की भावना भी विकसित होती है।
उन्होंने यह भी बताया कि एसडीएम बल्ह और सीडीएम सुंदरनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में संस्था की दो प्रतिभागियों का फाइनल तक पहुंचना राधा NGO के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
सुदर्शना ठाकुर ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर चुकी Kalpana Thakur (मिसेज़ एशिया इंटरनेशनल फोटोजेनिक 2017, मिसेज़ इंडिया, मिसेज़ हिमाचल) के मार्गदर्शन और प्रयासों से राधा NGO की प्रतिभागी इस प्रकार के प्रतिष्ठित मंचों के लिए स्वयं को तैयार कर पा रही हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि राधा NGO भविष्य में भी समाज सेवा, महिला रोजगार सृजन और सशक्तिकरण के क्षेत्र में नए-नए प्रयासों के माध्यम से अपनी भूमिका को और मजबूत करता रहेगा।
कुल्लू ब्यूरो सुशांत शर्मा….

Share the news