कोटला खुर्द में शराब के ठेके के खिलाफ पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

5 जुलाई 2023

Panchayat representatives and villagers open front against liquor contracts in Kotla Khurd

ऊना जिला मुख्यालय के साथ लगते गांव कोटला खुर्द में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने शराब के ठेके के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को पंचायत प्रधान ममता शर्मा के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक महिलाओं ने शराब के ठेके का जमकर विरोध किया। ग्रामीणों ने कहा कि अगर ठेका यहां से स्थानांतरित नहीं किया गया तो बुधवार से शराब के ठेके के बाहर धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया जाएगा। जब तक ठेका यहां से नहीं हटाया जाता, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। अगर इसके बावजूद भी कोई कार्रवाई न हुई तो वह भूख हड़ताल करने से भी पीछे नहीं रहेंगे।

ग्राम पंचायत प्रधान ममता शर्मा, उपप्रधान नरेश कुमार, वार्ड पंच रामपाल, रितु, इंदु बाला, रानी देवी, महिला मंडल की प्रधान शशि बाला, सचिव रीता देवी, मंगल सिंह एवं अन्य ग्रामीणों ने कहा कि उक्त शराब का ठेका बिना पंचायत की एनओसी के खोल दिया गया है। उक्त ठेका ऊना-नारी मुख्य सड़क मार्ग पर खोला गया है। इसके आसपास घनी आबादी रहती है। वहीं ठेके के समीप मंदिर भी है। मंदिर में सुबह-शाम महिलाएं एवं अन्य लोग माथा टेकने आते है। अगर यहां ठेका खुलता है तो महिलाओं का यहां से गुजरना मुश्किल हो जाएगा। वहीं सड़क मार्ग पर सुबह-शाम गांव की युवतियां, महिलाएं एवं अन्य लोग सैर आदि भी करते है। उन्होंने कहा कि शराब के ठेके के चलते यहां माहौल खराब होने से लोगों का जीना दुश्वार हो जाएगा। इसलिए शराब का ठेका उन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं है

ग्रामीणों ने कहा कि शराब ठेका खोलने वाले लोगों ने उन्हें अंधेरे में रखकर शराब का ठेका खोला है। जब उक्त लोग यहां खोखा बना रहे थे तो उन्हें पहले ही बोला गया था कि यहां शराब का ठेका नहीं खुलना चाहिए। लेकिन उस वक्त उन्होंने शराब का ठेका खोलने से इंकार किया था। अब इन्होंने अचानक यहां शराब का सामान रखकर बेचना शुरु कर दिया है। उन्होंने कहा कि शराब का ठेका बंद करने के लिए अगर उन्हें भूख हड़ताल भी करनी पड़ती तो वह पीछे नहीं हटेंगे। कोट ग्राम पंचायत कोटला खुर्द की प्रधान ममता शर्मा ने कहा कि बिना एनओसी के शराब का ठेका खोला गया है। ग्रामीणों के साथ मिलकर ठेके का विरोध किया जाएगा। बुधवार को ग्रामीण यहां धरने पर बैठेंगे। वहीं अगर जरूरत पड़ी तो भूख हड़ताल भी की जाएगी। वहीं जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news