
मंडी,
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटली को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध किए जाने का निर्णय तुंगल क्षेत्र के शैक्षणिक इतिहास में एक स्वर्णिम उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी मंडी के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा ने जारी प्रेस वक्तव्य में कही।
दीपक शर्मा ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुखू का आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच, संवेदनशील नेतृत्व तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा व्यवस्था से जोड़ना सामाजिक न्याय, समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इससे विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण मिलेगा और उनके भविष्य को नई दिशा प्राप्त होगी।
दीपक शर्मा ने कहा कि कोटली एवं समस्त तुंगल क्षेत्र के विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक आज गर्व और आत्मविश्वास से परिपूर्ण हैं। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के सपनों को साकार करने का मजबूत आधार बनेगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि 20 फरवरी को प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सदर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के उन्नयन एवं विकास कार्यों के उद्घाटन के लिए पधार रहे हैं, जिससे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी।
अंत में दीपक शर्मा ने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि कोटली की जनता इस विश्वास और स्नेह का उत्तर सहयोग, समर्पण और विकास के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता से देगी।
समस्त विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।





