
#खबर अभी अभी दिल्ली ब्यूरो*
12 अगस्त 2024

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जुड़े कथित आबकारी घोटाले मामले में व्यक्तियों पर मुकदमा चलाने के लिए आवश्यक मंजूरी हासिल करने के लिए सीबीआई को 15 अतिरिक्त दिन दिए हैं। विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने सीबीआई को ये मंजूरी हासिल करने के लिए 27 अगस्त की तारीख तय की। क्योंकि कुछ मामले अभी भी लंबित हैं। बीती आठ अगस्त को न्यायाधीश ने अदालत के समक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश होने के बाद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 अगस्त तक बढ़ा दी थी।
वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शराब घोटाला केस में जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। आम आदमी पार्टी की लीगल टीम ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। इसमें बताया गया कि केजरीवाल ने इस मामले में सीबीआई की तरफ से गिरफ्तारी को भी चुनौती दी है। गौरतलब है कि हाल ही में केजरीवाल ने सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी को दिल्ली हाईकोर्ट में भी चुनौती दी थी। हालांकि, वहां उन्हें राहत नहीं मिली थी। हाईकोर्ट ने मामले में केजरीवाल की गिरफ्तारी को सही करार देते हुए पांच अगस्त को इसे बरकरार रखा था। अदालत ने कहा था कि सीबीआई की कार्रवाई दुर्भावना से प्रेरित नहीं है और उसने साबित किया है कि ‘आप’ सुप्रीमो कैसे उन गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं, जो उनकी गिरफ्तारी के बाद ही गवाही देने की हिम्मत जुटा सके। हाईकोर्ट ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को बरकरार रखते हुए उन्हें जमानत के लिए पहले निचली अदालत जाने को कहा था।





