
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
15 मार्च 2023

क्षेत्रीय अस्पताल की क्रस्ना लैब की एचबी1सी मशीन खराब हो गई है। इसके चलते अस्पताल में दो दिन से शुगर जांच समेत अन्य महत्वपूर्ण टेस्ट नहीं हो रहे हैं। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों को काफी परेशानी आ रही है और आपातस्थिति में रिपोर्ट लेने वाले लोगों को बाहरी निजी लैब में धक्के खाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
हालांकि लैब कर्मियों के ओर से उन मरीजों के रक्त सैंपल एकत्र किए जा रहे हैं, जिन्हें रिपोर्ट के लिए जल्दी नहीं है। वहीं इससे पहले भी लैब में बायोकेमिस्ट्री मशीन खराब हो चुकी है। हैरत की बात तो यह है कि क्रस्ना लैब में इस मशीन को लगे अभी कुछ ही महीने हुए हैं और यह मशीन अभी से खराब होना शुरू हो गई है।
अगर यही हालत रहती है तो आगामी दिनों में भी मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गौर रहे कि क्षेत्रीय अस्पताल जिले का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां पर सोलन ही नहीं, बल्कि शिमला और सिरमौर से भी मरीज इलाज के लिए आते हैं।
अस्पताल आने वाले मरीजों को अब क्रस्ना लैब में मशीनों में आ रही दिक्कतों के चलते परेशान होना पड़ रहा है। बीते सप्ताह मरीजों को बायोकेमिस्ट्री मशीन खराब होने से सामान्य समेत एलएफटी, आरएफटी और अन्य टेस्ट की सुविधा नहीं मिल पाई थी।
इसे शुक्रवार को ठीक करवाया गया था कि सोमवार दोपहर बाद एचबी1सी मशीन खराब हो गई। इसके बारे में अस्पताल प्रशासन को पता चलते ही लैब प्रबंधक को पत्र लिखा और जल्द मशीन ठीक करवाने के लिए कहा। इसके बाद मशीन को दुरुस्त करवाने के लिए तकनीशियन बुलाया गया।
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन





