
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
5 जुलाई 2023
सीधी विधायक पंडित केदारनाथ शुक्ला के पूर्व विधायक प्रतिनिधि प्रवेश शुक्ला को आदिवासी युवक पर पेशाब करने के मामले में मंगलवार रात करीब दो बजे गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को सीधी पेशाब कांड पर कहा कि कृत्य बहुत घृणित और निंदनीय था। कानून अपना काम कर रहा है। ये भाजपा की सरकार है यहां कानून का राज है। घटना सामने आने के बाद तत्काल मुख्यमंत्री जी के कहने पर एनएसए की कार्रवाई और कानूनी कार्रवाई कर दी थी, उसे रात में गिरफ्तार कर लिया गया है। अतिक्रमण पर बुलडोजर भी चलेगा।
वहीं, सीधी के पेशाब कांड पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने कह कि ‘आज मेरा मन मध्यप्रदेश के आदिवासी भाई बहनों के अपमान की घटनाओं से बहुत दुखी है। सीधी जिले में एक आदिवासी युवक के ऊपर भाजपा नेता के पेशाब करने का वीडियो देखकर रूह कांप जाती है। क्या सत्ता का नशा इस कदर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर चढ़ गया है कि वे इंसान को इंसान नहीं समझ रहे। यह घटना आदिवासी अस्मिता पर प्रहार है। यह घटना टंट्या मामा और बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों का अपमान है। यह घटना मध्यप्रदेश के करोड़ों आदिवासी भाई बहनों का अपमान है। मैं शिवराज सरकार को चेतावनी देता हूं कि आदिवासी समाज पर हो रहे अत्याचारों को सरकारी संरक्षण देना बंद करें। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से आदिवासी समाज के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिला कर रहेगी।’
सीधी जिले में पूर्व विधायक प्रतिनिधि प्रवेश शुक्ला के एक आदिवासी युवक पर पेशाब करने की घटना पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोपी भाजपा नेता पर सख्त कार्रवाई करने के साथ ही उसकी संपत्ति जब्त व ध्वस्त करने की मांग की है। मायावती ने ट्वीट कर कहा कि मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी/दलित युवक पर स्थानीय दबंग नेता द्वारा पेशाब किए जाने की घटना अति-शर्मनाक है। इस अमानवीय कृत्य की जितनी भी निन्दा की जाए वह कम है। इसका वीडियो वायरल होने के बाद ही सरकार का जागना इनकी संलिप्तता को साबित करता है, यह भी अति-दुःखद है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





