चिंतपूर्णी में सफाई पर महीने का लाखों खर्च, फिर भी नालियों में भरा कीचड़

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

29 जून 2023

धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में वर्तमान समय में सफाई व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। समूचे चिंतपूर्णी क्षेत्र में मंदिर न्यास द्वारा बनाई गई नालियों पर अतिक्रमण के कारण सफाई व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बुधवार को होटल एसोसिएशन के प्रधान संजीव शर्मा ने जब सुलभ शौचालय वालों को नाली से ग्रिल हटाकर गंदगी बाहर निकालने के लिए मजबूर कर दिया, तो सब लोग देखकर हैरान हो गए। इस दौरान नाली में एक फुट तक कीचड़ भरा पाया गया। चिंतपूर्णी क्षेत्र में नालियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं।

कई दुकानदारों ने नालियों पर कब्जा किया हुआ है। मंदिर न्यास इस दिशा में कोई उचित कार्रवाई नहीं कर रहा। स्थानीय दुकानदार राजेश पराशर, कुलदीप कुमार, भूषण कालिया, कुंदन गर्ग, राजेश कालिया, राम कुमार, कृष्ण कुमार, वरिंद्र सिंह और कांगड़ा बैंक के मैनेजर सभी लोग नालियों में फैली गंदगी को देख आग बबूला हो गए और मंदिर प्रशासन को जमकर कोसा। बताते चलें कि चिंतपूर्णी मंदिर में सफाई व्यवस्था का कार्य सुलभ शौचालय को दिया गया है। लेकिन चिंतपूर्णी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। श्रद्धालु भी मंदिर प्रशासन की इस लापरवाही को कोसते नजर आते हैं। मंदिर न्यास चिंतपूर्णी सुलभ शौचालय संस्था को लाखों रुपये प्रति माह दे रहा है। लेकिन सफाई पर संस्था की कोई जवाबदेही नहीं ली जाती। पुराने से नये बस अड्डा तक आज दिन तक कोई भी शौचालय नहीं बनाया गया।

सुलभ शौचालय संस्था को चिंतपूर्णी में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त की अध्यक्षता में चिंतपूर्णी में सभी व्यवस्थाओं के बारे में बैठक की जा रही है। ताकि समस्याओं का निराकरण हो।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news