

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
19 नवंबर 2022
भाजपा ने चांदनी चौक वार्ड से चुनाव चिह्न चुराने और नामांकन दाखिल करने के आरोप में पार्टी के एक पदाधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। चांदनी चौक से भाजपा के रविंद्र कुमार आधिकारिक उम्मीदवार हैं। वार्ड से कुल 15 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने घटना की पुष्टि की और कहा कि पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उधर पार्टी का सिंबल चुराकर उसके जरिए पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के रूप में दिल्ली एमसीडी चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के आरोप में भाजपा ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के निर्देश पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में चांदनी चौक वॉर्ड की पूर्व निगम पार्षद सुरेखा गुप्ता और उनके पति हरिओम गुप्ता को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
पार्टी नेताओं ने बताया कि हरिओम गुप्ता ने बीजेपी के सिंबल पर चांदनी चौक वॉर्ड से बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया था, जबकि पार्टी ने रवींद्र कुमार को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। ऐसे में पार्टी के सिंबल पर नामांकन दाखिल करने का अधिकार सिर्फ रवींद्र कुमार के पास था, लेकिन इसके बावजूद हरिओम गुप्ता ने भी पार्टी सिंबल पर पर्चा भर दिया। आरोप है कि उन्होंने पार्टी का सिंबल चोरी करके अपना पर्चा भरा है। इन्हीं आरोपों के चलते हरिओम और उनकी पत्नी व पार्टी की पूर्व पार्षद सुरेखा गुप्ता को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया है। एमसीडी के 250 वार्डों के लिए मतदान 4 दिसंबर को होगा, जबकि मतगणना 7 दिसंबर को होगी। भाजपा 2007 से निगमों पर शासन कर रही है और आप और कांग्रेस के खिलाफ कड़ी टक्कर दे रही है।





