जाठिया देवी में बनेंगे 919 फ्लैट, हिम चंडीगढ़, मोरनी हिल्स और लंज टाउनशिप के लिए 5 करोड़ मंजूर

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के साथ लगते जाठिया देवी माउंटेन सिटी प्रोजेक्ट के पहले चरण में हिमुडा 241 बीघा भूमि पर लगभग 1,327 करोड़ रुपये से 919 फ्लैट तैयार करेगा। नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित हिमुडा के निदेशक मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में बद्दी के शीतलपुर में प्रस्तावित हिम चंडीगढ़ टाउनशिप, पच्छाद के मोरनी हिल्स और कांगड़ा एयरपोर्ट के निकट लंज में नई टाउनशिप के लिए प्रारंभिक प्रावधान के तौर पर पांच करोड़ रुपये मंजूर किए गए। ऊना के छेत्रा में उद्योग परियोजनाएं लगाने की स्वीकृति दी गई।

निदेशक मंडल ने हिमुडा की ओर से अलॉटमेंट लेटर जारी करने के 45 दिन में एकमुश्त पेमेंट करने पर अलॉटी को 5 प्रतिशत छूट प्रदान करने का भी फैसला लिया गया। बैठक में ओलंपिक/ एशियन गेम्स, गैलेंटरी और चिल्ड्रन ब्रेवरी अवॉर्ड विजेताओं के लिए हिमुडा की ओर से प्लॉट और फ्लैट के लिए विशेष कोटा रखा जाएगा। घुमारवीं में 7.69 करोड़ की लागत से 17 दुकानों, 2 हॉल के साथ कार्यकारी अभियंता कार्यालय के एक व्यावसायिक परिसर निर्माण को भी स्वीकृति दी गई। निदेशक मंडल ने कांगड़ा के श्री ज्वाला जी शक्ति विहार कालोनी में 18.61 करोड़ की लागत से 125 कनाल भूमि पर 130 प्लॉट और व्यावसायिक परिसर बनाने को भी स्वीकृति दी है।

बाय-बैक और री-डेवलपमेंट पॉलिसी को मंजूरी

बैठक में हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, प्रधान सचिव देवेश कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव डॉ. सुरिन्द्र कुमार वशिष्ट भी मौजूद रहे। हिमुडा अपनी आय बढ़ाने के लिए बेची हुई संपत्ति को सशर्त वापस खरीदेगा और पुरानी, जर्जर या कम उपयोग वाली इमारतों को तोड़कर पुनर्निर्माण कर आधुनिक रूप देगा। इसके लिए निदेशक मंडल की बैठक में बाय-बैक पॉलिसी और री-डेवलपमेंट पॉलिसी को स्वीकृति दी गई।

Share the news