
माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी मेहनत और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। हाल ही में घोषित जीएनएम द्वितीय वर्ष के परिणामों में छात्राओं ने हिमाचल प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल (HPNRC) की मेरिट सूची में बेहतरीन स्थान हासिल किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कु. किरण चौधरी ने 601 अंक प्राप्त कर HPNRC में तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, कु. काजल ने 594 अंकों के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि कु. सपना कुमारी ने 579 अंक लेकर प्रदेश में नवां स्थान हासिल किया।

कॉलेज स्तर पर भी इन छात्राओं का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। किरण चौधरी ने प्रथम, काजल ने द्वितीय और सपना कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इस उपलब्धि पर कॉलेज प्रबंधन ने खुशी जाहिर की है। चेयरमैन अनिल जैन, सेक्रेटरी सचिन जैन एवं प्रिंसिपल रिजी घीवरघीस ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्राओं की कड़ी मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।





