
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
8 जुलाई 2023
![]()
नारी (ऊना)। अंब क्षेत्र के भैरा एवं धुसाड़ा गांव से होकर गुजरी रेलवे लाइन पर बीते गुरुवार को दुखद हादसा हो गया। यहां वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से एक 21 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुशील कुमार, निवासी गांव पनोह, तहसील एवं जिला ऊना के तौर पर हुई। रेलवे पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार सुशील कुमार, गांव भैरा एवं धुसाड़ा की सीमा पर स्थित एक हलवाई की दुकान में काम करता था। वीरवार को वह धुसाड़ा गांव से होकर गुजरती रेलवे लाइन को पार कर पास ही स्थित अपनी मौसी के घर जा रहा था। इस दौरान पटरी पर तेज रफ्तार में दौड़ती वंदे भारत ट्रेन आ गई। इसकी चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सुशील कुमार का कुछ समय से मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं था। उसे सुनने में भी दिक्कत थी। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि वंदे भारत की आवाज कम होती है और युवक को वह सुनाई न दी हो। मृतक अपने पीछे दो भाई, दो बहनों और वृद्ध माता को छोड़ गया। दुख की बात यह है कि अभी पांच माह पहले उसके पिता राजकुमार की भी एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
कोट्स
ग्राम पंचायत पनोह के प्रधान कमलेश कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव शुक्रवार सुबह ही गांव पहुंचा। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कहा कि परिवार गरीब है। कुछ महीने पहले पिता की भी दुर्घटना में मृत्यु हो गई और अब नौजवान लड़का मौत का ग्रास बन गया है। उन्होंने कहा कि सरकार से मेरी अपील है कि जितना हो सके परिवार की आर्थिक मदद की जाए।
कोट्स हादसे के बाद रेलवे पुलिस ने मौके से शव को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच जारी है।
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन





