देहरा से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह की पत्नी कमलेश ठाकुर लड़ेंगी चुनाव

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

19 जून 2024

Himachal CM Sukhu Wife Kamlesh Thakur Gets Ticket From Dehra Assembly Seat

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर देहरा से विधानसभा उपचुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस हाईकमान ने कमलेश को चुनाव मैदान में उतारकर हिमाचल का सियासी माहौल गरमा दिया है। मंगलवार दोपहर बाद पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सुक्खू की पत्नी को प्रत्याशी घोषित किया। देहरा उपचुनाव से अब सीधे तौर पर मुख्यमंत्री सुक्खू की प्रतिष्ठा दाव पर लग गई है। देहरा तहसील में मुख्यमंत्री का ससुराल है।

कमलेश की समाजसेवा के क्षेत्र में विशेष रुचि रही है। विशेष रूप से महिला सशक्तीकरण के लिए वह निरंतर सक्रिय रही हैं। पिछले बीस वर्षों से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सक्रिय सदस्य के रूप में भी काम कर रही हैं। वह नादौन विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक रूप से निरंतर काम कर रही हैं। वर्ष 2012 में अस्तित्व में आए देहरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस अभी तक चुनाव नहीं जीत सकी है। इससे पहले इस विधानसभा क्षेत्र का नाम जसवां परागपुर था। वर्ष 1998 से जसवां परागपुर सीट पर भी कांग्रेस को हार का ही सामना करना पड़ा। अब कांग्रेस हाईकमान ने देहरा में हार का सिलसिला तोड़ने के लिए मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर के रूप में मजबूत प्रत्याशी मैदान में उतारकर भाजपा की परेशानी बढ़ा दी है।

हिमाचल के तीसरे मुख्यमंत्री की पत्नी की राजनीति में एंट्री
कमलेश ठाकुर के चुनाव लड़ने की घोषणा के साथ ही हिमाचल प्रदेश में तीसरे मुख्यमंत्री की पत्नी की राजनीति में एंट्री होने जा रही है। प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार की पत्नी सत्यवती डांग हिमाचल से राज्यसभा की सांसद रहीं हैं। छह बार के मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह सांसद रह चुकी हैं और वर्तमान में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, ठाकुर रामलाल, प्रो. प्रेमकुमार धूमल और जयराम ठाकुर की पत्नियों ने राजनीति में कभी भाग नहीं लिया।
जीवन परिचय
नाम : कमलेश ठाकुर

जन्मतिथि : 2 अप्रैल 1970
जन्मस्थान : नलसूहा (कांगड़ा)

पति का नाम : सुखविंद्र सिंह सुक्खू
विवाह : 11 जून 1998

शिक्षा : एमए राजनीतिक शास्त्र

कमलेश ठाकुर को प्रत्याशी बनाने पर अवस्थी ने जताई खुशी
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष संजय अवस्थी ने देहरा विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर को पार्टी प्रत्याशी बनाए जाने पर खुशी व्यक्त की है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कमलेश ठाकुर को देहरा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार बनाया जाना बहुत ही सराहनीय निर्णय है। कांग्रेस प्रदेश की तीनों विधानसभा क्षेत्राें में जीत का परचम लहराएगी। संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश में जनमत कांग्रेस के साथ है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस मजबूती से आगे बढ़ रही है।
Share the news