# दौलतपुर चौक कॉलेज में खत्म हुई अध्यापकों की कमी |

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

6 जुलाई 2023

दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में पिछले एक वर्ष से चल रहे प्राध्यापकों की कमी आखिर खत्म हो गई। प्रदेश सरकार ने दौलतपुर चौक कॉलेज के लिए आठ प्राध्यापकों की नियुक्ति के आदेश एक साथ जारी किए हैं।
शिक्षा विभाग ने अंग्रेजी विषय में दो, केमिस्ट्री में दो, इतिहास, संगीत, भौतिक विज्ञान एवं अर्थशास्त्र विषय में एक-एक प्राध्यापक के पद भरने का आदेश दिया है। शीघ्र ही उक्त प्राध्यापकों की ओर से कॉलेज में नियुक्ति ली जाएगी।
हालांकि अभी भी कॉलेज में प्राचार्य के पद सहित हिंदी, अंग्रेजी एवं अर्थशास्त्र विषय का एक-एक पद खाली है। लाइब्रेरियन की नियुक्ति होना बाकी है, लेकिन एक साथ आठ प्राध्यापकों के आदेश हो जाना सैकड़ों विद्यार्थियों के लिए राहत भरा है।

उधर, विधायक चैतन्य शर्मा ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में आठ पदों के लिए प्राध्यापकों के एक साथ आदेश जारी किए हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू एवं शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार जताया।

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news