धनतेरस पर ब्रह्मयोग-शिववास संयोग, आज सोना; चांदी, बरतन की खरीददारी करना शुभ

हर साल कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है। साथ ही सोने-चांदी की खरीदारी की जाती है। जवाली के ज्योतिषी पंडित विपन शर्मा ने बताया कि इस साल 18 अक्तूबर को धनतेरस पर्व मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शनिवार को दोपहर 12:18 बजे कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि की शुरुआत होगी तथा 19 अक्तूबर को दोपहर 01:51 बजे कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि यानी धनतेरस के दिन ब्रह्म योग, शिववास योग सहित कई मंगलकारी संयोग बन रहे हैं। इन योग में भगवान धन्वंतरि की भक्ति भाव से पूजा की जाएगी।

इस साल धनतेरस पर खरीदारी करने के लिए 18 घंटे 06 मिनट का शुभ मुहूर्त है। 18 अक्तूबर धनतरेस पर दोपहर 12:18 बजे से 19 को सुबह 6:24 बजे तक खरीदारी कर सकते हैं। धनतेरस के दिन घर की सफाई करना, दीप जलाना व लक्ष्मी माता की पूजा करना शुभ होता है। सोना, चांदी, बरतन और अन्य धातु की वस्तुएं खरीदना भी परंपरा के अनुसार समृद्धि, सुख-शांति और परिवार में सौभाग्य बढ़ाने वाला माना जाता है। इस दिन लोग खूब खरीददारी करते हैं।

धनतेरस पूजा का समय

कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि यानी शनिवार शाम 07:16 से शाम 08:20 बजे तक भगवान धन्वंतरि की पूजा के लिए शुभ समय है। इस दौरान भगवान धन्वंतरि की भक्ति भाव से पूजा कर सकते हैं।

Share the news