
हिमाचल प्रदेश और गुजरात चुनाव को लेकर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि जनता ने भाजपा व गैर भाजपा सरकारों का फर्क देख लिया है। अब वह चुनाव से पहले विपक्षी दलों के फैलाए जाने वाले भ्रम में नहीं पड़ती। भाजपा जहां आती है, बार-बार आती है। हिमाचल व गुजरात में भी जनता का यही मिजाज है। जनता कोविड महामारी से लेकर चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों तक देख रही है कि पीएम मोदी व राज्यों की भाजपा सरकारें किस तरह उनकी सहभागी बन रही हैं। नड्डा ने महेंद्र तिवारी से विशेष बातचीत में कहा कि विपक्ष केवल नकारात्मकता फैलाने की कोशिश कर रहा है, कोई चुनौती नहीं पेश कर पा रहा। विपक्ष बेरोजगार होकर हताश हो गया है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
3 नवंबर 2022
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का कहना है कि हिमाचल प्रदेश के मतदाता भी इस बार यूपी, उत्तराखंड, गोवा व मणिपुर की तरह इतिहास रचने जा रहे हैं। वहां राज नहीं, रिवाज बदलने जा रहा है। उनका दावा है कि हिमाचल में भाजपा की जयराम ठाकुर सरकार इस बार भी सत्ता में आएगी।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने विशेष बातचीत में हिमाचल व गुजरात के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव, महंगाई, बेरोजगारी व समान नागरिक संहिता सहित कई मुद्दों पर खुलकर जवाब दिए। नड्डा ने कहा, भाजपा किसी दुविधा में नहीं हैं। गुजरात में चुनाव का सातवां द्वार भी फतह करेगी। पार्टी अपने मुख्यमंत्रियों के चेहरे पर ही मैदान में है। सत्ता में आने पर हिमाचल में जयराम ठाकुर और गुजरात में भूपेंद्र पटेल ही मुख्यमंत्री बनेंगे।
महंगाई-बेरोजगारी पर सरकार संवेदनशील
नड्डा ने कहा, हम मुद्रास्फीति की दर को नीचे रख पाए हैं और विकास के लिए जुटे हैं। जनता जानती है कि भाजपा सरकार महंगाई के प्रति संवेदनशील होती है। जैसे ही स्थिति बनी, भाजपा की केंद्र व राज्य की सरकारों ने पेट्रोल-डीजल व गैस के दाम घटाए। पर, राजस्थान की गहलोत सरकार, छत्तीसगढ़ की बघेल सरकार व महाराष्ट्र में जब तक उद्धव ठाकरे सरकार में रहे, क्या किया? विपक्ष केवल घड़ियाली आंसू बहाता है।
तो तरक्की पर पड़ता है असर
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, डबल इंजन की सरकार न होने से राज्य की तरक्की पर फर्क पड़ता है। हिमाचल में रेल लाइन अटलजी के वक्त बननी शुरू हुई थी। लेकिन, कांग्रेस सरकार आने के बाद कोई प्रगति नहीं हुई। फिर मोदी पीएम बने तो 4 वर्ष में 10 किमी का टनल बन गया।
अब प्रो इनकंबेंसी लहर
नड्डा ने कहा, पहले एंटी इनकंबेंसी यानी सत्ता विरोधी लहर की बात होती थी। जब से मोदी सत्ता में आए हैं, ‘प्रो इनकंबेंसी’ की बात होती है। भाजपा सरकारें जहां एक बार जीतती हैं, दिन-रात काम करती हैं। फिर जनता हर चुनाव में उसे जिताने लगती है।
समान नागरिक संहिता : राज्यों के पास ताकत, कर सकते हैं लागू
आप काम के आधार पर चुनाव में जाने की बात करते हैं, मगर ऐन पहले समान नागरिक संहिता लागू करने की बात करने लगते हैं। उत्तराखंड, फिर गुजरात सरकार ने यही दांव चला। भाजपा इसे जरूरी मानती है तो केंद्र सरकार से पहल को क्यों नहीं कहती?
कुछ चीजें कानूनी दृष्टि से देखनी पड़ती हैं। रणनीति के लिहाज से इसका हम खुलासा नहीं कर सकते। पर, राज्यों के पास इस तरह की ताकत है। वे इसे लागू कर सकते हैं। ऐसे में जिस-जिस राज्य में हमारी सरकारें आ गईं हैं, वहां-वहां हम ऐसा करने का प्रयास करते हैं।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बोले- जनता अब विपक्ष के फैलाए भ्रम में नहीं फंसती हिमाचल व गुजरात में फिर कमल ही खिलेगा





