परवाणू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चिट्टा तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़, मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

परवाणू।
पुलिस थाना परवाणू की टीम ने गश्त के दौरान नशा तस्करी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हिमुडा ग्राउंड, परवाणू के समीप मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को काबू किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 7.34 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में से एक की पहचान आर्यन पुत्र राजेश कुमार, निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी, पिंजौर, तहसील कालका, जिला पंचकूला (हरियाणा), उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं दूसरा आरोपी बाल अपचारी (नाबालिग) पाया गया, जो उसी पते का निवासी है। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी आर्यन को गिरफ्तार किया, जबकि नाबालिग को पूछताछ के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

इस संबंध में पुलिस थाना परवाणू में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 04 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया।

मनीमाजरा से जुड़ा नशे का लिंक

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से की गई गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि बरामद चिट्टा को आरोपियों ने मनीमाजरा, चंडीगढ़ से शिवम उर्फ काकू नामक व्यक्ति से 14,000 रुपये में खरीदा था।

इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल इनपुट्स का गहन विश्लेषण किया।

मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, दोबारा चिट्टा बरामद

Backward Linkage के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना परवाणू की टीम ने मुख्य सप्लायर शिवम उर्फ काकू पुत्र स्व. राम भरोसे, निवासी न्यू इंदिरा कॉलोनी, सेक्टर-13, मनीमाजरा, चंडीगढ़, उम्र 25 वर्ष को 02 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया।
आरोपी के ठिकाने पर दबिश के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 7 ग्राम चिट्टा और बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपी को आज 03 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।

Share the news