#पशुशाला में लगी आग, लाखों रुपये का हुआ नुकसान*

बिलासपुर की भराड़ी तहसील के अंतर्गत घंडालवीं गांव में पशुशाला में लगी आग। संवाद

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

14 नवंबर 2022

भराड़ी (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की भराड़ी तहसील के अंतर्गत घंडालवीं गांव में एक पशुशाला में आग लग गई। गनीमत रही कि घटना में कोई जान का नुकसान नहीं हुआ है। मवेशियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया था। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने के पूरे प्रयास किए लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते स्लेट नुमा पशुशाला की छत, इमारती लकड़ी, पशुओं के लिए रखा चारा जलकर राख हो गया। घटना में पीड़ित परिवार को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे घंडालवीं गांव के प्रकाश चंद की पशुशाला में अचानक आग लग गई। लपटें देख आसपास के लोग इकट्ठे होकर आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि आग पर काबू न पाया जा सका। गनीमत रही कि आग लगने के दौरान पशुशाला में बंधे मवेशियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। पशुशाला में आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई तो अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन तब तक पशुशाला का ऊपरी हिस्सा, चारा और इमारती लकड़ी जल चुकी थी। आग कैसे लगी इसका पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और हल्का पटवारी मौके पर पहुंची। भराड़ी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है। आग लगने के क्या कारण रहे इसका अभी पता नहीं चल पाया है। उधर, प्रशासन की ओर से पांच हजार रुपये की तत्काल राहत पीड़ित परिवार को दी गई है।

Share the news