पीएम मोदी के मैजिक, राममंदिर और किसान निधि ने हिमाचल में हराई कांग्रेस

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

16 जुलाई 2024

लोकसभा चुनाव में हार के पांच कारण आ रहे सामने, अफसरशाही और सरकार-संगठन में तालमेल की कमी को भी ठहराया जिम्मेदार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार पर मंथन के दौरान पहले दिन पांच प्रमुख कारण सामने आए हैं। बंद कमरे में हुई आमने-सामने की मीटिंग से बाहर निकली बातों पर गौर करें, तो ज्यादातर नेताओं ने अभी तक इन्हीं पांच मुद्दों को हार का प्रमुख कारण बताया है। कांग्रेस की हार के पीछे बड़ी वजह पीएम मोदी मैजिक माना जा रहा है। हिमाचल में कांग्रेस शुरुआत से ही मंडी और शिमला संसदीय क्षेत्र में बेहतर स्थिति में लग रही थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाहन और मंडी में रैलियां आयोजित करने से ठीक पहले तक दोनों ही सीटों पर कांग्रेस को बढ़त के आसार बने हुए थे, लेकिन प्रधानमंत्री की रैलियों के बाद मंडी और शिमला संसदीय सीटों की तस्वीर बदल गई। कांग्रेस ने इन रैलियों का जवाब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के माध्यम से देने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति पूरी तरह से काबू नहीं आ सकी। हिमाचल में कांग्रेस के नेता मोदी मैजिक को हार का एक प्रमुख कारण मान रहे हैं। लोकसभा चुनाव के साथ ही हिमाचल में छह सीटों पर उपचुनाव भी हुए थे और इनमें से चार को सरकार ने अपने पक्ष में किया है। प्रदेश में उपचुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़ा जा रहा था, जबकि लोकसभा में नरेंद्र मोदी के चेहरे पर मतदान हुआ है। कांग्रेस की हार के पीछे दूसरी बड़ी वजह नेताओं ने भगवान राम के अयोध्या में बने भव्य मंदिर को भी करार दिया है। भाजपा ने मंदिर में भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा के कार्यक्रम से जो ख्याति हासिल की उसका फायदा भले ही पार्टी को आयोध्या में न मिला हो।

Share the news