
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
2 जून 2023

नशे के खिलाफ चिंतपूर्णी पुलिस की कार्रवाई जारी है। गुरुवार देर शाम को पुलिस ने थनिकपुरा में सेवानिवृत्त अधिकारी के दो बेटे 4.15 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किए हैं। जब्त कार के मालिक आरोपियों के पिता हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई महेंद्र सोनी और एएसआई बचित्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने भरवाईं-मुबारिकपुर मार्ग पर थनिकपुरा के पास नाका लगाया था। एक मारुति कार मुबारिकपुर की तरफ से भरवाईं आ रही थी। पुलिस ने इसे रोका और दस्तावेज मांगे तो कार में बैठे युवक घबरा गए। चालक ने दस्तावेज निकालने के लिए जेब में हाथ डाला तो एक पुड़िया नीचे गिर गई।
छोटी सी इस पुड़िया की जांच की गई तो 4.15 ग्राम चिट्टा मिला। दोनों आरोपी सगे भाई हैं। दोनों एमटेक कर रहे हैं। बता दें कि पुलिस ने कुछ दिन पहले हमीरपुर के एक युवक और परागपुर के एक चिकित्सक से भी चिट्टा बरामद किया था। उधर, एसएचओ रोहिणी ठाकुर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ चल रही है। उधर, डीएसपी अंब वसुधा सूद ने बताया कि युवकों से पूछताछ की जा रही है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





