
#खबर अभी अभी कांगड़ा ब्यूरो*
20 फरवरी 2023
कांगड़ा जिला पुलिस नूरपुर की चौकी रैहन में पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह लगभग 6:45 पर एक खड़े ट्रक से कार के टकराने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं, उसका पति, बेटी व ससुर घायल हो गए हैं। हादसे के वक्त मृतका का पति गाड़ी चला रहा था। मिली जानकारी के अनुसार मनोज मनकोटिया अपनी पत्नी रिंकी देवी, पिता अजीत सिंह, बेटे नीलक्ष उम्र सात वर्ष व बेटी निहारिका के साथ शिवरात्रि पर आयोजित सत्संग में भाग लेकर बांसा दा मोड़ हाड़ा स्थित अपने घर वापिस आ रहा था। ऐसे में घर से मात्र दो किलोमीटर पहले उनकी निजी ऑल्टो कार रैहन पेट्रोल पंप के सामने खड़े ट्रक में पीछे से टकरा कर उसके नीचे चली गई।
इससे पति मनोज मनकोटिया के साथ अगली सीट पर बैठी उसकी पत्नी रिंकी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं कार की पिछली सीट पर बैठे मनोज के पिता अजीत सिंह, बेटी निहारिका भी घायल हो गए। बेटे को हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और सिविल अस्पताल रैहन पहुंचाया गया। यहां रिंकी देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे परिजन पठानकोट स्थित निजी अस्पताल ले गए। यहां डाक्टरों ने रिंकी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मनोज मनकोटिया, पिता अजीत सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा रैफर कर दिया गया है। बेटी निहारिका नूरपुर अस्पताल में उपचाराधीन है। रिंकी देवी के पति मनोज मनकोटिया जल शक्ति विभाग में पंप ऑपरेटर हैं।
#खबर अभी अभी कांगड़ा ब्यूरो*





