पोकलेन मशीन और पत्थर में फंसकर हरियाणा के व्यक्ति की मौत

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

3 मार्च 2023

पांवटा साहिब-शिलाई एनएच-707 पर गंगटोली के पास कार्य कर रही कंपनी के पेटी ठेकेदार के फ्लैगमैन की पोकलेन मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शीशपाल (40), पुत्र बुद्घराम, निवासी गांव चाडिया, डाकघर चलकाना, तहसील समालखा, जिला पानीपत  के तौर पर की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शिलाई के समीप एनएच पर गंगटोली में सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क के कटिंग कार्य के दौरान ठेकेदार के पास कार्यरत फ्लैगमेन शीशपाल गाड़ियों को निकलवा रहा था और पास में पोकलेन मशीन काम कर रही थी। जैसे ही पोकलेन का ऑपरेटर ट्रक में सड़क का मलबा भरने के बाद मशीन साइड में करने लगा तो फ्लैगमेन शीशपाल मशीन की चपेट में आ गया। वह मशीन के बकेट और पत्थर के बीच बुरी तरह फंस गया। इस हादसे में शीशपाल को गहरी चोटें आईं और पेट बाहर निकल आया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पांवटा साहिब के डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की हैउन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे-707 पर गंगटोली के पास ये हादसा हुआ। मशीन के चपेट में आने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए शिलाई अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news