प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी में वल्लभ गवर्नमेंट कॉलेज, मंडी की रोवर–रेंजर यूनिट की सशक्त सहभागिता

मंडी।
छत्तीसगढ़ में 09 से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी में वल्लभ गवर्नमेंट कॉलेज, मंडी की रोवर–रेंजर यूनिट, मंडी ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराते हुए कॉलेज एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। इस जंबूरी में देशभर से रोवर–रेंजर दलों ने भाग लिया।

इस राष्ट्रीय आयोजन में कॉलेज के 6 रोवर एवं 3 रेंजरों ने प्रतिभागी के रूप में सहभागिता की, जबकि 2 रेंजर एवं 1 रोवर ने सेवा दल (सर्विस टीम) के सदस्य के रूप में विभिन्न व्यवस्थाओं में अपनी सेवाएँ प्रदान कीं।

जंबूरी के दौरान कॉलेज के रोवर–रेंजरों ने मार्च पास्ट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों (लोक नृत्य), राज्य प्रदर्शनी, फूड प्लाजा तथा विभिन्न साहसिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश की संस्कृति एवं स्काउटिंग मूल्यों का प्रभावी प्रदर्शन किया। इन सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं समाज सेवा की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

यह दल रेंजर लीडर वंदना चौहान एवं रोवर लीडर शिवेन्द्र सागर के कुशल नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन में जंबूरी में शामिल हुआ। उनके निर्देशन में यूनिट ने पूरे अनुशासन, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ जंबूरी की सभी गतिविधियों में अपनी भूमिका निभाई।

प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी युवाओं को आपसी सहयोग, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुई, जिसमें वल्लभ गवर्नमेंट कॉलेज, मंडी की सहभागिता सराहनीय रही।

Share the news