
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
11 अक्टूबर 2022
#प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक चंबा चौगान में जनसभा को संबोधित करेंगे। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को करेंगे रवाना *
नरेंद्र मोदी धौलाधार की पहाड़ियों पर स्थित चंबा चौगान में जनसभा को संबोधित करने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 अक्तूबर को हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक चंबा चौगान में जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम के दौरे की तैयारियों को लेकर चौगान में एसपीजी ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे पहले ऊना आएंगे। वहां वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को रवाना करेंगे। यह रेलवे का कार्यक्रम होगा। उसके बाद चंबा जाएंगे। नरेंद्र मोदी धौलाधार की पहाड़ियों पर स्थित चंबा चौगान में जनसभा को संबोधित करने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे। भाजपा के प्रदेश चुनाव उप प्रभारी देवेंद्र सिंह राणा ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंबा से पीएमजीएसवाई योजना चरण-4 का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही ऊना के हरोली में प्रस्तावित बल्क ड्रग फार्मा पार्क का शिलान्यास भी करेंगे। इस पार्क की रिकॉर्ड 15 दिनों में डीपीआर बनाकर केंद्र से स्वीकृति मिली है। पहले चरण में 300 करोड़ का बजट जारी किया गया है।
उधर, एसपीजी ने प्रधानमंत्री की स्टेज का अपने सामने निर्माण करवाया। उपायुक्त डीसी राणा और पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चौगान का निरीक्षण भी किया। इस निरीक्षण में पुलिस के बड़े अफसर भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के मंच से आम जनता के बीच की दूर को भी तय किया गया। उनकी सुरक्षा को लेकर मंच की ऊंचाई भी तय की गई। एसपीजी ने पंडाल बनाने वाली कंपनी को भी जरूरी निर्देश दिए। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग भी पीएम के कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा रहा। चौगान निरीक्षण के उपरांत एसपीजी और जिला प्रशासन के बीच में बचत भवन में बैठक हुई। चौगान के प्रवेश द्वार पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। चौगान में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की पूरी जांच की जाएगी। इसके अलावा चौगान को चारों तरफ से बैरिकेड्स लगाकर बंद किया जाएगा। ड्रोन से भी चौगान में होने वाली हरेक गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





