#प्रियंका गांधी चुनावी थकान मिटाकर शिमला से वापस लौट गई दिल्ली*

प्रियंका गांधी का अब गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए जाने का कार्यक्रम है। प्रियंका ने शिमला से जाकर ही सोलन, मंडी, नगरोटा बगवां, ऊना और शिलाई में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैलियां कीं।

अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

18 नवंबर 2022

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी चुनावी थकान मिटाकर शिमला से वापस दिल्ली लौट गई हैं। शुक्रवार सुबह प्रियंका गांधी शिमला से चंडीगढ़ के लिए सड़क मार्ग से होकर गईं। प्रियंका गांधी ने हिमाचल में विधानसभा चुनाव की कमान शिमला में रहकर संभाली थी। करीब डेढ़ माह तक छरावड़ा स्थित आवास से प्रियंका गांधी ने चुनावों पर पूरी नजर रखी। इस दौरान दो-तीन दिन के लिए प्रियंका गांधी दिल्ली गई थीं।

प्रियंका गांधी का अब गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए जाने का कार्यक्रम है। प्रियंका ने शिमला से जाकर ही सोलन, मंडी, नगरोटा बगवां, ऊना और शिलाई में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैलियां कीं। पूरे चुनाव प्रचार की समीक्षा प्रियंका ने शिमला से सटे छरावड़ा स्थित अपने घर से की।

प्रियंका गांधी के शिमला प्रवास के दौरान दो बार कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शिमला आई थीं। प्रियंका ने शिमला में बैठकर ही कांग्रेस के चुनाव प्रचार को धार दी। अधिकांश रैलियों में प्रियंका गांधी ने छरावड़ा में बनाए अपने घर का हवाला देते हुए हिमाचल से अपना अपनत्व जताया।

Share the news