# बच्चों की जिद के आगे झुका प्रशासन #ADM चंबा ने सरकारी स्कूल में 24 घंटे में नियुक्त किए 3 अतिरिक्त अध्यापक|

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

7 मई 2023

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर प्रशासन को आखिरकार बच्चों की जिद के आगे झुकना ही पड़ा। ADM ने बच्चों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए 24 घंटे के अंदर स्कूल में 3 अतिरिक्त अध्यापक नियुक्त कर दिए। रविवार सुबह ADM ने नियुक्ति के आदेश जारी किए। वहीं स्टूडेंट्स ने भी अफसर का आभार जताया।

गौरतलब है शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लामू के गेट पर ताला लगाकर बच्चों और अभिभावकों ने धरना दिया। साथ ही रोड ब्लॉक करके चक्का जाम किया था। बच्चों और अभिभावकों की मांग स्कूल में काफी समय से चल रही स्टाफ की कमी को पूरा करने की थी।

जाम लगने की सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों और स्कूली बच्चों के बीच हल्की कहासुनी की नौबत भी आ गई थी। स्थिति का जायजा लेने के लिए तहसीलदार को मौके पर भेजा गया। उन्होंने शिक्षकों की कमी को पूर्ण करने का आश्वासन देकर छात्रों को शांत किया।

मामले को तूल पकड़ते देखकर प्रशासन हरकत में आया और स्कूल में 3 अतिरिक्त अध्यापकों की नियुक्ति के आदेश दे दिए हैं। विधायक भरमौर डॉक्टर जनक राज ने अतिरिक्त जिला दणाधिकारी नरेंद्र कुमार चौहान को आदेश दिए है कि जहां पर शिक्षकों के पद खाली चल रहे, वहां पर स्थायी नियुक्ति नहीं होती, तब तक व्यवस्था करें।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news