
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
13 नवम्बर 2023
ताजा बर्फबारी से हिमाचल में पर्यटन कारोबार को संजीवनी मिली है। पर्यटक वाहनों पर प्रदेश सरकार की ओर से लगाए गए दोहरे टैक्स के बाद बीते दो महीनों से कम संख्या में ही सैलानी प्रदेश के पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। रोहतांग पास, लाहौल-स्पीति, चांशल सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर अच्छी बर्फबारी के बाद सैलानियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। दोहरे टैक्स की मार से दुर्गा पूजा टूरिस्ट सीजन बुरी तरह पिटने के बाद दिवाली की छुटि्टयों में भी कम संख्या में ही सैलानियों ने हिमाचल का रुख किया।
हालांकि सरकार ने अब दोहरे टैक्स में भारी कटौती कर 3000 रुपये प्रति दिन से घटाकर 500 रुपये प्रतिदिन कर दिया है, लेकिन सरकार की ओर से दी गई इस राहत की जानकारी बाहरी राज्यों के पर्यटकों और ट्रेवल एजेंटों तक नहीं पहुंच पाई है। विंटर टूरिस्ट सीजन के दौरान बर्फबारी के बाद हर साल हिमाचल में सैलानियों का तांता लगता है। बर्फ में अठखेलियां करने के लिए देश भर से सैलानी कुल्लू-मनाली, शिमला-नारकंडा, लाहौल-स्पीति का रुख करते हैं।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





