बिना सूचना शुरू हुआ रेलवे ट्रैक का मरम्मत कार्य, भटकते रहे वाहन चालक

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

29 जून 2023

ऊना-बीहड़ू एनएच स्थित मलाहत रोड रेलवे फाटक ट्रैक पर बुधवार को शुरू हुआ मरम्मत कार्य वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया। अचानक शुरू किए गए कार्य से यातायात अवरुद्ध हो गया। इससे मार्ग पर आवागमन करने वाले यात्रियों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौके पर वाहन चालकों के मार्गदर्शन के लिए रूट बदलाव के संबंध में बताने को लेकर पुलिस प्रशासन की व्यवस्था भी नाकाफी दिखी। समय पर सूचना सार्वजनिक न करने के चलते वीरवार को समस्या और विकराल होगी। वाहन चालकों सहित श्रद्धालुओं को यहां मलाहत रोड छोड़ आसपास के वैकल्पिक मार्गों से पांच किलोमीटर लंबे रास्ते से घूमकर गंतव्यों के लिए जाना पड़ेगा।

हालांकि रेलवे बोर्ड की ओर से ऊना -पीरनिगाह मुख्य मार्ग को 28 एवं 29 जून दो दिन बंद रखने के संबंध में दो दिन पहले प्रशासन को सूचना प्रेषित किए जाने की बात कही गई है। लेकिन प्रशासन इसकी सूचना जनहित में सार्वजनिक नहीं कर पाया। जबकि प्रशासन ने पुलिस की जिम्मेदारी तय किए जाने की बात कही है। लेकिन बुधवार को शुरू हुए मरम्मत कार्य के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पटरी से उतरी रही। हालांकि रेलवे पुलिस टीम यहां पहुंची। इसके बाद वाहन चालकों को यहां से दूसरे मार्ग पर जाने के बारे में बताया गया। मरम्मत में जुटी रेलवे टीम के पदाधिकारियों की मानें तो वीरवार शाम तक मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news