
बिलासपुर:
जिला बिलासपुर के थाना तलाई क्षेत्र के अंतर्गत मल्होट गांव के पास एक चरवाहे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान संजू पुत्र गौरीदत्त निवासी गांव खोपरी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है, जो भेड़-बकरियां चराने का काम करता था।
जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 को थाना तलाई में ठाकुर सिंह के बयान के आधार पर मुकदमा नंबर 29/26 धारा 103 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। बताया गया है कि संजू का शव मल्होट गांव के पास घासनी खेत में पड़ा मिला, जिसके गले पर तेजधार हथियार से वार के निशान पाए गए। इससे साफ प्रतीत होता है कि उसकी हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है।
पुलिस के अनुसार संजू के साथ प्रदीप कुमार पुत्र ईश्वर दास निवासी पपरोला, बैजनाथ जिला कांगड़ा भी भेड़-बकरियां चराने का काम करता था। दोनों के बीच पहले पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आशंका जताई जा रही है कि 13 और 14 मार्च की दरम्यानी रात को प्रदीप कुमार ने तेजधार हथियार से संजू की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए छानबीन तेज कर दी है। मामले की जांच थाना तलाई के प्रभारी द्वारा की जा रही है।





