बोर्ड की अनदेखी के चलते कसौली विधानसभा क्षेत्र के दो गांव के कई घर 21 घंटे तक अंधेरे में रहे

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

15 फरवरी 2023

कसौली विधानसभा क्षेत्र के दो गांव के कई घर बिजली बोर्ड की अनदेखी के चलते 21 घंटे तक अंधेरे में रहे। क्षेत्र की काबा कलां पंचायत के गरोणी और कुमाहरड़ा गांव के कई घरों में सोमवार सुबह 11:00 बजे बिजली गुल हो गई। पहले तो ग्रामीण दोपहर बाद तक बिजली आने का इंतजार करते रहे। मगर 2:00 बजे ग्रामीणों ने कई बार फोन के माध्यम से संबंधित क्षेत्र के कर्मचारियों को इसकी सूचना दी, लेकिन जवाब यही मिलता रहा कि अभी कहीं काम कर रहे हैं। आगामी दिनों में बच्चों की परीक्षाएं हैं, ऐसे में बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।स्थानीय ग्रामीण निशांत गुप्ता, राजकुमार, स्वीटी गुप्ता, पलक, मनोज आदि ने बताया कि शाम तक जब बिजली नहीं आई तो उन्होंने कई अधिकारियों से संपर्क किए।

मगर किसी ने फोन नहीं उठाए और कुछ अधिकारियों ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि अब देरी हो चुकी है। स्टाफ नहीं है, पहले बताना चाहिए था। अब सुबह ही बिजली आएगी। रात आठ बजे तक ग्रामीण बिजली बोर्ड के अधिकारियों से संपर्क साधते रहे। इस दौरान उन्होंने 1100 नंबर पर भी इसकी शिकायत की, मगर समस्या का समाधान नहीं हुआ। आखिरकार रातभर ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ा। हालांकि सुबह 8:00 बजे बोर्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बिजली सुचारू की।इस बारे में बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता परमिंदर सिंह ने कहा कि उनके पास हॉल ही में उस क्षेत्र का चार्ज आया है। संबंधित क्षेत्र के जेई से बात की जाएगी। यदि इस तरह की समस्या है तो जवाब तलब किया जाएगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news