
खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो
25 मार्च 2024
लोकसभा चुनाव में हिमाचल की हॉट सीट मानी जा रही शिमला के लिए प्रत्याशी की घोषणा कर चुकी भाजपा मैदान में उतर चुकी है, जबकि कांग्रेस में अभी भी उधेड़बुन जारी है। राज्य में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित इस अकेली सीट पर भाजपा ने फिर मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप पर भरोसा जताया है। उधर, कांग्रेस में प्रत्याशी चयन के लिए क्षेत्रीय, सामुदायिक और लैंगिक जैसे तमाम समीकरणों पर माथापच्ची चल रही है। फिलहाल कांग्रेस के टिकट के लिए सिरमौर से दयाल प्यारी, शिमला से अमित नंदा और सोहन लाल के नाम आगे हैं। कई अन्य नेताओं ने भी दावेदारी जताई है।
कांग्रेस टिकट के सशक्त दावेदारों में दयाल प्यारी, अमित नंदा, और सोहन लाल अलग-अलग समीकरणों से आगे चल रहे हैं। दयाल प्यारी सिरमौर से है और विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। कांग्रेस का एक खेमा दयाल प्यारी को टिकट दिलाकर महिला फैक्टर से आधी आबदी को लक्षित करना चाह रहा है। इसे हटियों को जनजातीय दर्जा दिलाने का श्रेष ले रही भाजपा के खिलाफ बड़ा हथियार भी मान रहा है, क्योंकि एक ही क्षेत्र से दोनों दलों के प्रत्याशी होने पर मतों का ध्रुवीकरण रुक सकता है। भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप भी सिरमौर जिला के पच्छाद के ही मूल निवासी है, जहां से दयाल प्यारी भी है।





