भाजपा शासन वाले किसी राज्य में पुरानी पेंशन नहीं : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो

29 मार्च 2024

Himachal: cm sukhvinder Sukhu said no old pension in any state ruled by BJP

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि कांग्रेस सिर्फ वायदे ही नहीं करती है, उन्हें पूरा भी करती है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हितैषी होने के बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा के शासन वाले किसी भी राज्य में पुरानी पेंशन नहीं दी जा रही है। जहां दी जा रही थी, वहां पर भी बंद कर दी गई है। वीरवार को जारी बयान में सीएम सुक्खू ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से उनकी सरकार हिमाचल प्रदेश में 1.36 लाख कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस) का लाभ दे रही है।

कर्मचारियों की भलाई के मामले में हिमाचल प्रदेश सबसे आगे होगा। हिमाचल प्रदेश में भी ओपीएस की बहाली कांग्रेस के शासनकाल में की गई है। सुक्खू ने कहा कि भाजपा ओपीएस नहीं देती है, बल्कि छीन लेती है। भाजपा शासित राज्य इसके प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के मामले सबके सामने हैं, जहां पुरानी पेंशन नहीं दी जा रही है।

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो

Share the news