भारत की पहली फाइव एस प्रमाणित आईटीआई मंडी में अब स्माल हाइड्रो पावर प्लांट तकनीशियन होंगे तैयार

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

16 फरवरी 2023

भारत की पहली फाइव एस प्रमाणित आईटीआई मंडी में अब स्माल हाइड्रो पावर प्लांट तकनीशियन तैयार होंगे। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 फरवरी है। 600 घंटों का यह कोर्स इस आईटीआई में आईआईटी रूड़की के डिपार्टमेंट ऑफ हाइड्रो एंड रिन्यूएबल एनर्जी के सौजन्य से शुरू किया जा रहा है। आईटीआई मंडी पूरे भारत में पहली ऐसी आईटीआई होगी, जहां पर यह कोर्स शुरू हो रहा है। संस्थान के नोडल अफसर इंजीनियर कमल किशोर वर्मा ने बताया कि आवेदन के लिए अभ्यर्थी की शैक्षणिक योग्यता विज्ञान विषय में जमा दो पास होनी चाहिए।

इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सिविल, इंस्ट्रूमेंटेशन, फिटर, और इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड में आईटीआई पास और संबंधित क्षेत्र में एक वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य है, या फिर इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सिविल, कंट्रोल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन में तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा पास होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु 18 वर्ष से अधिक होनी आवश्यक है। आईटीआई के प्रधानाचार्य इंजीनियर शिवेंद्र डोगर ने बताया कि आवेदन प्रपत्र राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ग्रेड – ए) मंडी के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं या संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news