भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुआ गरीब परिवार का घर, पीएम आवास योजना के लिए 4 साल से लगा रहा गुहार

बाली चौकी:
जिला मंडी की तहसील बाली चौकी की थाटा पंचायत के गांव पटवाड़ा में रहने वाली तिलोत्मा देवी का मकान इन दिनों खस्ता हालत में पहुंच चुका है। भारी बारिश और भूस्खलन के चलते उनका घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे परिवार को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
परिवार बेहद गरीब है और मनरेगा के तहत मजदूरी तथा जॉब कार्ड से मिलने वाले काम के सहारे अपना भरण-पोषण करता है। परिवार बीपीएल श्रेणी में आता है। घर में छोटे-छोटे बच्चे हैं, लेकिन जर्जर मकान में रहना उनकी मजबूरी बन चुका है।
तिलोत्मा देवी का कहना है कि बरसात और बर्फबारी के दौरान छत से पानी टपकता है, जिससे खाना बनाना और रहना बेहद कठिन हो जाता है। मकान की हालत इतनी खराब है कि कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार साल पहले आवेदन किया था, लेकिन अब तक उनकी फाइल आगे नहीं बढ़ी है। ऐसे में परिवार लगातार प्रशासन और सरकार से मदद की गुहार लगा रहा है।
परिवार ने मांग की है कि जल्द से जल्द योजना के तहत उनका घर बनाया जाए, ताकि वे सुरक्षित जीवन जी सकें

Share the news