भूस्खलन से तबाह शर्ची पंचायत, प्रभावित परिवारों को अब तक नहीं मिली राहत

जिला कुल्लू की ग्राम पंचायत शर्ची में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा और भूस्खलन ने कई परिवारों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। भारी बारिश और भूस्खलन के चलते क्षेत्र में कई मकान आंशिक व पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, वहीं जमीन भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आपदा को काफी समय बीत जाने के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता या राहत प्रदान नहीं की गई है। कई परिवारों के घर रहने योग्य नहीं बचे हैं, जिससे वे कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
प्रभावित लोगों ने जिला उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में बताया कि अब तक न तो अस्थायी और न ही स्थायी विस्थापन की कोई समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा क्षेत्र में ड्रेनेज व्यवस्था और कलवर्ट के अभाव के कारण बरसात के दौरान जलभराव और भूस्खलन की स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में होने वाले नुकसान से बचाव के लिए ड्रेनेज सिस्टम, कलवर्ट, सुरक्षा दीवार (सेफ्टी वॉल) और सड़कों के किनारे रिटेनिंग वॉल का निर्माण जल्द किया जाए।
साथ ही उपायुक्त से स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करने और प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत प्रदान करने की अपील की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है।

Share the news