मंडी जिला प्रशासन ने दी बर्फबारी के दृष्टिगत सावधानी बरतने व सतर्क रहने की सलाह

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने भारी बर्फबारी के कारण मौसम में आए बदलाव के दृष्टिगत नागरिकों को सतर्क रहने तथा सावधानी बरतने का परामर्श दिया है।
उन्होंने बताया कि आज शुक्रवार प्रातः से ही जिला के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी तथा कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान केन्द्र, शिमला द्वारा 23 जनवरी, 2026 को मण्डी जिला के कुछ हिस्सों में दोपहर बाद से आगामी छह घंटों तक मध्यम बर्फबारी के कई दौर, कुछ तेज़ बर्फबारी और कुछ बर्फीले तूफान आने की संभावना जताई गई है। इस चेतावनी के मद्देनजर नागरिकों, पर्यटकों से आग्रह किया है कि ऊपरी पहाड़ी भागों, नदी-नालों व भूस्खलन वाले क्षेत्रों में जाने से परहेज रखें।
उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने स्थानों पर सतर्क रहें और सुरक्षित रहें। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण व ज़िला प्रशासन मंडी को दूरभाष नंबर 01905-226201, 226202, 226203, 226204 अथवा आपातकालीन हेल्पलाइन दूरभाष नंबर – 1077 (टोल फ्री) पर सूचित करें।
-0-

Share the news