
मंडी,
प्रदेश सरकार वंचित वर्गों के सामाजिक व आर्थिक उत्थान के लिए कृतसंकल्प है। इस दिशा में मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना सहित कई नई योजनाएं शुरू की गई हैं। यह बात धर्मपुर से विधायक एवं जिला कल्याण समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने आज जिला कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए विभागीय समन्वय के साथ निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, दिव्यांगजन तथा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मंडी जिला को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 123 करोड़ रुपये से अधिक का बजट प्रावधान किया गया है, जिसमें से अब तक 1,39,282 पात्र लाभार्थियों को लगभग 119 करोड़ 18 लाख रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है।
चंद्रशेखर ने बताया कि दिसंबर 2025 तक मंडी जिला में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 24,561 नए मामले स्वीकृत किए गए हैं। वर्तमान में जिला के 1,39,100 लाभार्थियों को कुल 117 करोड़ 43 लाख रुपये की पेंशन राशि जारी की गई है। इनमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग राहत भत्ता, वृद्धावस्था पेंशन, कुष्ठ रोगी पुनर्वास भत्ता एवं ट्रांसजेंडर पेंशन के लाभार्थी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना के तहत 69 लाख रुपये, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत लगभग 52 लाख रुपये, अंतरजातीय विवाह पुरस्कार योजना के तहत 25.75 लाख रुपये तथा दिव्यांग विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के रूप में 5.29 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं। राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अंतर्गत 19.40 लाख रुपये की सहायता दी गई है। वहीं प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत जिला के सभी दस विधानसभा क्षेत्रों के 141 गांवों का चयन किया गया है।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि अब सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए लोकमित्र केंद्रों के माध्यम से हिम-एक्सेस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही पेंशनधारकों की ई-केवाईसी निकटतम आंगनबाड़ी केंद्रों में करवाई जा सकती है।
बैठक से पूर्व उपायुक्त अपूर्व देवगन ने विधायक का स्वागत किया और आश्वस्त किया कि समिति के सुझावों व निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाएगा। बैठक की कार्यवाही का संचालन जिला कल्याण अधिकारी समीर ने किया।
बैठक में नगर निगम मंडी के महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा, सभी उपमंडलाधिकारी (ना.) तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





