मंडी शिवरात्रि महोत्सव 2026: विवादों की भेंट चढ़ा पवित्र उत्सव, AAP का भाजपा-कांग्रेस पर तीखा हमला

मंडी। ऐतिहासिक मंडी नगर के 500 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित मंडी शिवरात्रि महोत्सव 2026 इस बार श्रद्धा और सांस्कृतिक गरिमा से अधिक विवादों को लेकर चर्चा में रहा। देवभूमि हिमाचल की आस्था और परंपराओं से जुड़े इस महोत्सव के दौरान कई ऐसे घटनाक्रम सामने आए, जिनसे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुईं।

आम आदमी पार्टी (AAP) के जिला संगठन मंत्री पवन कुमार ने जारी बयान में कहा कि स्टार नाइट कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोक गायक इंद्रजीत सिंह के साथ कथित दुर्व्यवहार और कॉमेडियन हरबंस अरोड़ा द्वारा मंच से अश्लील चुटकुले सुनाए जाने पर कोई ठोस कार्रवाई न होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

इसके अलावा शाही जलेब के पारंपरिक मार्ग में बदलाव को लेकर भी भारी रोष देखने को मिला। मगरू महादेव और वायला नारायण के अनुयायियों ने इसे परंपराओं के साथ छेड़छाड़ बताया। टमक वाद्ययंत्र पर रोक तथा जलेब के दौरान राजनीतिक नारों के लगने से आयोजन की पवित्रता पर प्रश्नचिह्न खड़े हुए।

AAP ने आरोप लगाया कि यह सब जिला प्रशासन की लापरवाही, मनमानी और राजनीतिक हस्तक्षेप का परिणाम है। पार्टी ने कहा कि भाजपा के स्थानीय विधायकों और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सहयोग के बजाय तमाशबीन की भूमिका निभाई, जबकि कांग्रेस के निर्वाचित जनप्रतिनिधि भी चुप्पी साधे रहे। नगर निगम मंडी के पार्षदों, चेयरमैन और सर्व मेला कमेटी पर भी आयोजन प्रबंधन में विफल रहने का आरोप लगाया गया।

पवन कुमार ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस के विधायकों, नगर निगम प्रतिनिधियों, मेला कमेटी और जिला प्रशासन की सामूहिक नाकामी ने इस महान धार्मिक उत्सव को राजनीतिक अखाड़ा बना दिया है।

आम आदमी पार्टी ने सभी विवादों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसे आयोजनों को राजनीति से मुक्त रखने की मांग की है। पार्टी ने दोहराया कि वह देव संस्कृति की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

Share the news