
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
11 मार्च 2023
धार्मिक पर्यटन नगरी मणिकर्ण में पर्यटकों के हुड़दंग मचाने पर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने कड़ा संज्ञान लिया है। अदालत ने मुख्य सचिव सहित पुलिस प्रशासन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सबीना और न्यायाधीश सत्येन वैद्य की खंडपीठ ने यह आदेश पारित किए। मामले की सुनवाई 13 मार्च को होगी। अदालत ने दैनिक समाचार पत्र में छपी खबरों पर स्वत: संज्ञान लिया है। अदालत ने मुख्य सचिव सहित प्रधान सचिव (गृह), पुलिस महानिदेशक, जिला कुल्लू एवं बिलासपुर के जिलाधीश और पुलिस अधीक्षक से जवाब तलब किया है। छह मार्च 2023 को पंजाब के कुछ पर्यटकों ने मनाली के ग्रीन टैक्स बैरियर पर हंगामा किया।
ग्रीन टैक्स नहीं देने पर सैलानी मजदूरों से उलझ गए और देखते ही देखते करीब 100 मोटरसाइकिल सवार सड़क पर जमा हो गए। हुड़दंगियों ने नारेबाजी से माहौल तनावपूर्ण बना दिया। पर्यटक ग्रीन टैक्स के भुगतान को लेकर हल्ला कर रहे थे। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गईं। एसडीएम मनाली ने मौके पर पहुंचकर पुलिस कर्मियों की मदद से स्थिति पर काबू पाया। सात मार्च 2023 को प्रकाशित खबर के अनुसार पंजाब के पर्यटकों ने मणिकर्ण भी में उत्पात मचाया। छह मार्च की रात को मणिकर्ण में दंगे जैसी स्थिति देखी गई। पंजाब के 100 से अधिक पर्यटकों ने अपने हाथों में झंडे लेकर हंगामा किया। बीयर की बोतलें नैना माता मंदिर की ओर सड़क पर फेंक दीं।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





