
#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*
24 जुलाई 2023
मणिपुर में चल रही हिंसा और महिलाओं के साथ हुए दुर्व्यवहार मामले के विरोध में रविवार को रोटरी चौक पर युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। ऊना ब्लॉक युवा कांग्रेस के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने ऊना में सर्किट हाउस से रोटरी चौक तक रोष रैली निकाली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री एवं ब्लॉक अध्यक्ष गुरजीत मान के नेतृत्व में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित मणिपुर के मुख्यमंत्री वीरेन सिंह के खिलाफ जमकर गुब्बार निकाला। युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष गुरजीत मान ने कहा कि केंद्र सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, लेकिन सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार के संरक्षण में मणिपुर के अंदर बेटियों के साथ अत्याचार की पराकाष्ठा को पार किया जा रहा है। कहा कि मणिपुर हिंसा के मामले पर केंद्र सरकार को जनता के सामने अपना स्पष्टीकरण देना चाहिए।
वहीं, युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व सरकार के समय यही भाजपा नेता महिलाओं के प्रति अत्याचार को लेकर रोष प्रदर्शन करते नहीं थकते थे, लेकिन आज न तो स्मृति ईरानी नजर आ रही है और न ही प्रधानमंत्री के मुंह से कोई शब्द निकल पा रहा है। कहा कि फिलहाल ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, लेकिन आने वाले दिनों में राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर भी युवा कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा। कहा कि केंद्र सरकार मणिपुर राज्य की सरकार तुरंत बर्खास्त करनी चाहिए।
#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*





